उत्तराखण्ड

Monsoon Update – उत्तराखंड में मानसून की रफ्तार धीमी, 25 जून तक कई जिलों में दिखे बारिश के आसार

Monsoon Update – उत्तराखंड में इस वर्ष मानसून के आगमन में कुछ देरी देखने को मिल सकती है। पहले जहां मानसून के 22 से 25 जून के बीच प्रदेश में पहुंचने का अनुमान था, वहीं मौसम विभाग के ताजा आकलन के अनुसार जून के अंतिम सप्ताह से बारिश की गतिविधियां अधिक सक्रिय होने की संभावना है। हालांकि इस बदलाव से चिंतित होने की जरूरत नहीं है, क्योंकि आगामी दिनों में प्रदेश के अधिकांश हिस्सों में बारिश होने के संकेत हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है।

uttarakhand monsoon rain update

25 जून तक अधिकांश जिलों में बारिश के संकेत

मौसम विभाग द्वारा जारी नवीनतम पूर्वानुमान के मुताबिक 25 जून तक हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर को छोड़कर राज्य के अधिकतर जिलों में हल्की से मध्यम बारिश का दौर जारी रह सकता है। देहरादून समेत कई मैदानी क्षेत्रों में इन दिनों गर्मी और उमस बनी हुई है, लेकिन बारिश की गतिविधियां बढ़ने से मौसम में बदलाव आने की संभावना जताई गई है।

पर्वतीय क्षेत्रों में तेज बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के बुलेटिन के अनुसार शनिवार को उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर, देहरादून, टिहरी, नैनीताल और पिथौरागढ़ जिलों में कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की जा सकती है। कुछ स्थानों पर गरज-चमक के साथ तेज बारिश होने की भी संभावना है। वहीं 4200 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी के संकेत दिए गए हैं।

अगले पांच दिनों तक बना रहेगा बारिश का दौर

21 जून से 25 जून के बीच उत्तरकाशी, रुद्रप्रयाग, चमोली, बागेश्वर और पिथौरागढ़ जिलों में कुछ स्थानों पर तेज बारिश हो सकती है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी रुक-रुक कर हल्की से मध्यम वर्षा होने का अनुमान है। इस दौरान हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर में मौसम अपेक्षाकृत शुष्क बने रहने की संभावना जताई गई है।

नैनीताल में दोपहर बाद बदला मौसम

शुक्रवार को नैनीताल में सुबह से दोपहर तक तेज धूप रही, लेकिन दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली। करीब दो बजे के बाद तेज हवाओं के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हुई, जो लगभग दो घंटे तक जारी रही। बारिश के बाद तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को उमस भरी गर्मी से राहत मिली।

जिला मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार नैनीताल का अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। शाम तक मौसम सुहावना हो गया। अचानक हुई बारिश के कारण शहर की सामान्य गतिविधियां कुछ समय के लिए प्रभावित रहीं। माल रोड पर घूम रहे पर्यटक बारिश से बचने के लिए आसपास के अस्थायी शेड और तिरपालों के नीचे शरण लेते दिखाई दिए।

भूस्खलन से कुछ देर रुका नैनीताल-हल्द्वानी हाईवे

लगातार बारिश के बीच नैनीताल-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर हनुमानगढ़ी के पास तीन मूर्ति क्षेत्र में भूस्खलन की घटना सामने आई। पहाड़ी से मलबा सड़क पर आने के कारण मार्ग पर वाहनों की आवाजाही करीब 20 मिनट तक प्रभावित रही।

राष्ट्रीय राजमार्ग विभाग की टीम सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंची और जेसीबी मशीन की सहायता से मलबा हटाने का कार्य शुरू किया। थोड़े समय में सड़क को साफ कर यातायात को फिर से सामान्य कर दिया गया।

मसूरी में बारिश के बाद जलभराव की समस्या

मसूरी में भी शुक्रवार शाम मौसम अचानक बदला और तेज बारिश शुरू हो गई। दिनभर धूप और गर्मी रहने के बाद शाम करीब पांच बजे झमाझम बारिश हुई, जिससे शहर के कई हिस्सों में पानी भर गया।

माल रोड पर जल निकासी व्यवस्था प्रभावित होने के कारण वर्षा का पानी सड़क पर जमा हो गया। नालों में गंदगी और अवरोध के चलते पानी की निकासी सुचारु रूप से नहीं हो सकी, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ा। बारिश के साथ चली ठंडी हवाओं ने मौसम को खुशनुमा बना दिया, लेकिन जलभराव ने लोगों की आवाजाही को प्रभावित किया।

Back to top button

Adblock Detected

Please remove AdBlocker first, and then watch everything easily.