Gaya Airport Drug Seizure: गया हवाई अड्डे पर अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी का भंडाफोड़, 33 करोड़ का गांजा जब्त
Gaya Airport Drug Seizure: गया हवाई अड्डे पर कस्टम विभाग ने अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के एक बड़े मामले का पर्दाफाश करते हुए 33 करोड़ रुपये मूल्य का हाइड्रोपोनिक वीड्स बरामद किया है। इस कार्रवाई में पांच तस्करों को भी गिरफ्तार किया गया, जिन्हें सोमवार रात हिरासत में लेकर मंगलवार को जेल भेज दिया गया।

थाई एयर एशिया फ्लाइट से जब्ती
सूत्रों के अनुसार, कस्टम अधिकारियों ने थाईलैंड के डॉन मुआंग से गया पहुंची थाई एयर एशिया की उड़ान के यात्रियों के सामान की जांच के दौरान नशीला पदार्थ बरामद किया। कुल पांच यात्रियों—दो महिलाएं और तीन पुरुष—के 12 बैगों से हाइड्रोपोनिक वीड्स (विदेशी गांजा) की बड़ी खेप मिली।
एक्स-बीआईएस मशीन ने पकड़ा संदिग्ध सामान
बैगों की स्क्रीनिंग एक्स-बीआईएस मशीन के माध्यम से की गई, जिसमें असामान्य आकृतियां देखी गईं। इसके बाद गहन तलाशी में यह पता चला कि नशीला पदार्थ खिलौनों के डिब्बों में छिपाकर लाया गया था। कुल 100 से अधिक पैकेटों में बांटा गया गांजा लगभग 33 किलो का है।
गिरफ्तार तस्कर और उनके क्षेत्र
पुलिस और कस्टम विभाग की जानकारी के अनुसार गिरफ्तार तस्करों में गाजियाबाद के अश्वनी और गुलशन मीणा, बुलंदशहर के गौरव बिधूड़ी, बठिंडा (पंजाब) की मनप्रीत कौर और लुधियाना की दिलप्रीत कौर शामिल हैं। अधिकारियों का अनुमान है कि इस अंतरराष्ट्रीय तस्करी गिरोह का मुख्य संचालक अश्वनी हो सकता है।
जांच और कार्रवाई
गया हवाई अड्डा पर तैनात कस्टम अधिकारियों ने बताया कि इस मामले में जांच अभी जारी है और अन्य सहयोगियों की पहचान की जा रही है। इस मामले को लेकर कस्टम अधिकारी नलिनी सिंह से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उनका फोन रिसीव नहीं हो सका।
यह गिरफ्तारी अंतरराष्ट्रीय ड्रग तस्करी के खिलाफ कस्टम विभाग की सतर्कता को दर्शाती है और हवाई अड्डों पर नशीले पदार्थों की रोकथाम में बड़ी सफलता मानी जा रही है।



