T20 World Cup: पाकिस्तान की भागीदारी और भारत के खिलाफ मैच पर बना सस्पेंस
T20 World Cup: टी20 विश्व कप 2026 से पहले पाकिस्तान की भागीदारी पर सस्पेंस बना हुआ है। सवाल यह है कि क्या पाकिस्तान पूरे टूर्नामेंट में खेलेगा और अगर खेलेगा तो भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले ग्रुप मैच में उतरेगा या नहीं। इस पर अंतिम फैसला पाकिस्तान सरकार के निर्देशों के बाद पीसीबी सोमवार को घोषित करेगा।

क्रिस श्रीकांत ने मजाकिया अंदाज में किया पाकिस्तान पर तंज
1983 की विश्व कप विजेता भारतीय टीम के सदस्य रहे पूर्व कप्तान और राष्ट्रीय चयनकर्ता क्रिस श्रीकांत ने भारतीय टीम की जबरदस्त फॉर्म का हवाला देते हुए पाकिस्तान पर तंज किया। अपने यूट्यूब चैनल पर श्रीकांत ने कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत ने पिछले मैच में 15 ओवर में 208 रन बनाए और तीसरे मैच में केवल 10 ओवर में 150 रन बना डाले। उन्होंने कहा, “ऐसे प्रदर्शन के सामने कई टीमें सोच रही होंगी कि ‘हम नहीं आएंगे’। कप तो रखा ही जा सकता है।”
श्रीकांत का पाकिस्तान को चेतावनी भरा संदेश
श्रीकांत ने हंसते हुए कहा, “हे पाकिस्तान, तुम आओ। तुम्हारे मोहसिन नकवी बोल रहे हैं, मत आओ। लेकिन सच तो यह है कि आप पीटे जाओगे। कोलंबो में लगा सिक्स मद्रास में गिरेगा। सबसे अच्छा विकल्प यही है कि दूर रहो और बहाना बना लो। ये लड़के बहुत बुरी तरह खेलते हैं। टी20 क्रिकेट में इतनी ताकत और मारक हिटिंग मैंने पहले कभी नहीं देखी।”
पाकिस्तान के फैसले पर राजनीतिक दबाव
टी20 विश्व कप में पाकिस्तान की भागीदारी पर राजनीतिक दबाव भी देखा जा रहा है। बांग्लादेश के टूर्नामेंट से बाहर होने के बाद पाकिस्तान बहिष्कार की चर्चा कर रहा है। पीसीबी अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ से मुलाकात की और इसके बाद सोशल मीडिया पर पोस्ट किया कि सोमवार को पाकिस्तान की अंतिम स्थिति घोषित की जाएगी। पाकिस्तानी मीडिया में अटकलें हैं कि पाकिस्तान पूरी तरह से टूर्नामेंट में खेल सकता है, लेकिन भारत के साथ 15 फरवरी के मैच से पीछे हट सकता है।
टी20 वर्ल्ड कप की रूपरेखा
टी20 विश्व कप 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका की संयुक्त मेजबानी में शुरू होगा। टूर्नामेंट में कुल 20 टीमें शामिल हैं, जिन्हें चार ग्रुपों में 5-5 टीमों के समूह में बांटा गया है। भारत ग्रुप ए में है, जिसमें पाकिस्तान, अमेरिका, नीदरलैंड और नामीबिया भी शामिल हैं। पहले बांग्लादेश को ग्रुप सी में रखा गया था, लेकिन भारत में मैच खेलने से इनकार करने के बाद उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया गया। टूर्नामेंट का फाइनल 8 मार्च को खेला जाएगा।



