Lucknow Warehouse Fire: लखनऊ के बिजनौर में कोल्ड ड्रिंक और चिप्स गोदाम में भीषण आग, मची अफरातफरी
Lucknow Warehouse Fire: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के बिजनौर थाना क्षेत्र अंतर्गत सरवन नगर इलाके में बुधवार देर रात एक व्यापारिक गोदाम में भीषण आग लगने से हड़कंप मच गया। देखते ही देखते आग ने इतना विकराल रूप धारण कर लिया कि पूरे क्षेत्र में काला धुआं फैल गया। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं और करीब दो घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद स्थिति पर नियंत्रण पाया गया। गनीमत रही कि इस अग्निकांड में कोई जनहानि नहीं हुई, हालांकि गोदाम में रखा लाखों रुपये का माल जलकर राख हो गया है।

दो मंजिला इमारत के भूतल पर लगी आग
मुख्य अग्निशमन अधिकारी अंकुश मित्तल द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, यह गोदाम व्यवसायी आशीष कुमार तिवारी का है, जो एक दो मंजिला इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर स्थित है। यहाँ कोल्ड ड्रिंक और चिप्स के भंडारण के साथ-साथ आईटीसी कंपनी से संबंधित पान मसाला और अन्य किराना उत्पादों का भी स्टॉक रखा हुआ था। शुरुआती जांच में आग लगने का कारण बिजली का शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। देर रात जब गोदाम से आग की लपटें और धुआं उठना शुरू हुआ, तो आस-पड़ोस के लोग दहशत में आ गए और तुरंत फायर ब्रिगेड को सूचित किया।
दमकल कर्मियों ने सुरक्षित खाली कराए आस-पास के मकान
आग की तीव्रता को देखते हुए सरोजनीनगर और आलमबाग फायर स्टेशन से दमकल की तीन गाड़ियां तुरंत मौके पर भेजी गईं। आग इतनी भीषण थी कि सुरक्षा के लिहाज से प्रशासन ने एहतियात बरतते हुए गोदाम के बगल में स्थित रिहायशी मकानों को खाली करा लिया। दमकल कर्मियों ने चारों ओर से घेराबंदी कर फायर फाइटिंग शुरू की। चूंकि गोदाम के अंदर प्लास्टिक और अन्य ज्वलनशील पदार्थ भारी मात्रा में मौजूद थे, इसलिए आग बुझाने में दमकल विभाग को काफी चुनौतियों का सामना करना पड़ा।
दमघोंटू धुएं के बीच ब्रीदिंग अपरेटस का हुआ उपयोग
अग्निकांड के दौरान वेयरहाउस के अंदर से निकलने वाला काला धुआं इतना घना और दमघोंटू था कि दमकल कर्मियों के लिए बिना सुरक्षा उपकरणों के अंदर प्रवेश करना नामुमकिन हो गया था। धुएं के कारण विजिबिलिटी शून्य हो गई थी, जिसके बाद एफएसओ धर्मपाल सिंह के नेतृत्व में टीम ने ब्रीदिंग अपरेटस (बीए सेट) का इस्तेमाल किया। इन उपकरणों की मदद से दमकल कर्मी धुएं के गुबार के बीच अंदर दाखिल हुए और आग के मुख्य स्रोत तक पहुंचकर उसे बुझाया। दो घंटे की लगातार कोशिशों के बाद आग को पूरी तरह ठंडा किया जा सका।
वेयरहाउस में अग्नि सुरक्षा उपकरणों का अभाव
दमकल विभाग की जांच में एक गंभीर लापरवाही भी सामने आई है। अधिकारियों के मुताबिक, जिस वेयरहाउस में इतनी भारी मात्रा में माल रखा गया था, वहां आग से बचाव के लिए कोई भी सुरक्षा उपकरण (फायर सेफ्टी इक्विपमेंट) उपलब्ध नहीं थे। एनओसी और सुरक्षा मानकों की अनदेखी के कारण आग ने इतनी जल्दी विकराल रूप ले लिया। विभाग अब गोदाम मालिक के खिलाफ सुरक्षा नियमों के उल्लंघन के मामले में आगे की कार्यवाही पर विचार कर रहा है। समय रहते दमकल की सक्रियता से एक बड़ा हादसा टल गया और आग ऊपरी मंजिल तक नहीं पहुंच पाई।



