बिहार

ByElection – बांकीपुर उपचुनाव के लिए चुनावी सरगर्मी तेज, निर्दलीय समेत मैदान में उतरे कई उम्मीदवार

ByElection- पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। विभिन्न दलों के साथ-साथ निर्दलीय उम्मीदवार भी चुनावी मैदान में उतरने लगे हैं। इसी क्रम में सारण जिले के मढ़ौरा क्षेत्र के जादो रहीपुर गांव निवासी 47 वर्षीय लालू प्रसाद यादव ने बुधवार को निर्दलीय प्रत्याशी के रूप में अपना नामांकन दाखिल किया। नामांकन पत्र के साथ प्रस्तुत विवरण के अनुसार उनके खिलाफ कोई आपराधिक मामला दर्ज नहीं है। उन्होंने अपनी संपत्ति में एक लाख रुपये नकद, पत्नी के पास 50 हजार रुपये, एक अल्टो कार और लगभग तीन बीघा पैतृक जमीन का उल्लेख किया है। साथ ही किसी प्रकार के कर्ज या देनदारी से भी इनकार किया है।

bankipur bypoll candidates update

एक अन्य प्रत्याशी ने भी दाखिल किया नामांकन

उपचुनाव के लिए बुधवार को एक और उम्मीदवार ने नामांकन किया। राइट टू रिकॉल पार्टी के प्रत्याशी निरंजन कुमार आचार्य ने भी चुनावी प्रक्रिया में हिस्सा लिया। पटना के स्टेशन रोड निवासी निरंजन कुमार ने अपने हलफनामे में 50 हजार रुपये नकद और बैंक खाते में इतनी ही राशि जमा होने की जानकारी दी है। उनकी पत्नी के नाम पर किसी प्रकार की नकद संपत्ति दर्ज नहीं है।

422 मतदान केंद्रों पर होगी वोटिंग

जिला प्रशासन ने चुनाव की तैयारियों को अंतिम रूप देना शुरू कर दिया है। समाहरणालय स्थित एनआईसी सभागार में जिला निर्वाचन पदाधिकारी एवं जिलाधिकारी कुन्दन कुमार की अध्यक्षता में इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनों (EVM) का प्रथम रेंडमाइजेशन किया गया। अधिकारियों ने बताया कि बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र में कुल 422 मतदान केंद्र बनाए गए हैं और सभी केंद्रों के लिए आवश्यक संख्या में EVM आवंटित कर दी गई हैं। पूरी प्रक्रिया राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की मौजूदगी में पारदर्शी तरीके से संपन्न कराई गई।

चुनाव आचार संहिता के पालन पर जोर

रेंडमाइजेशन के बाद जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक भी आयोजित हुई। बैठक में जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन कराया जाएगा। किसी भी राजनीतिक दल या प्रत्याशी को सभा, रैली, जुलूस, प्रचार वाहन, लाउडस्पीकर या प्रचार सामग्री के उपयोग के लिए पहले से प्रशासन की अनुमति लेना अनिवार्य होगा। इसके लिए जिला और अनुमंडल स्तर पर सिंगल विंडो सिस्टम की व्यवस्था की गई है, ताकि अनुमति प्रक्रिया सरल और समयबद्ध रहे। मतदान केंद्रों पर पेयजल, शौचालय, रैंप और छाया जैसी बुनियादी सुविधाएं सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

निगरानी व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर विशेष निर्देश

चुनावी गतिविधियों की निगरानी के लिए फ्लाइंग स्क्वॉड और सर्विलांस टीमों को सक्रिय कर दिया गया है। अधिकारियों की बैठक में जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि जांच के दौरान सभी टीमों का व्यवहार पूरी तरह शालीन और नियमों के अनुरूप होना चाहिए। महिला मतदाताओं की जांच केवल महिला अधिकारियों द्वारा किए जाने के निर्देश भी दिए गए हैं। बैठक में चुनाव प्रेक्षक, वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और निर्वाचन से जुड़े अन्य प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।

एनडीए उम्मीदवार ने की नीतीश कुमार से मुलाकात

इस बीच एनडीए समर्थित भाजपा उम्मीदवार अभिषेक कुमार सिन्हा ने बुधवार को जदयू के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से शिष्टाचार भेंट की। मुलाकात के दौरान भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी और जदयू के कार्यकारी अध्यक्ष संजय झा भी मौजूद रहे। नीतीश कुमार ने अभिषेक कुमार सिन्हा को चुनाव के लिए शुभकामनाएं देते हुए उनके सफल राजनीतिक भविष्य की कामना की।

Back to top button

Adblock Detected

Please remove AdBlocker first, and then watch everything easily.