Muzaffarpur – मुजफ्फरपुर के मकसूदपुर में हजरत मुफ्ती असलम रिजवी साहब का उर्स शुरू
Muzaffarpur –बिहार के मुजफ्फरपुर जिले स्थित औराई प्रखंड का मकसूदपुर गांव इस समय आस्था और अकीदत के रंग में पूरी तरह रंगा नजर आ रहा है। हजरत मुफ्ती असलम रिजवी साहब के 15वें दो दिवसीय उर्स-ए-शेरे बिहार का शनिवार शाम से आगाज हो रहा है। इस मौके पर आयोजित होने वाले विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों को लेकर स्थानीय स्तर पर तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं। आयोजन समिति ने परिसर की व्यवस्था, अकीदतमंदों की सुविधा और सुरक्षा के तमाम पुख्ता इंतजाम किए हैं। इस सलाना जलसे में हिस्सा लेने के लिए देश ही नहीं, बल्कि विदेशों से भी श्रद्धालुओं के आने का सिलसिला जारी है।

Bareilly Sharif से पधारेंगे मुख्य अतिथि
हुजूर शेरे बिहार के साहबजादे हजरत हाफिज इरफान रजा ने आयोजन की रूपरेखा साझा करते हुए बताया कि दो दिनों तक चलने वाले इस उर्स के दौरान कई विशेष मजहबी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसमें नामचीन उलेमाओं की तकरीरें होंगी और देश में अमन-चैन के लिए दुआएं मांगी जाएंगी। उन्होंने जानकारी दी कि इस बार के उर्स में मुख्य अतिथि के तौर पर शहजादा-ए-ताजुश्शरिया, कायदे मिल्लत हजरत अल्लामा असजद रज़ा खान विशेष रूप से बरेली शरीफ से पहुंच रहे हैं। उनके आगमन को लेकर अकीदतमंदों में खासा उत्साह देखा जा रहा है।
अमन, शांति और भाईचारे का मिलेगा संदेश
इस दो दिवसीय सम्मेलन में सुन्नी जमाअत से जुड़े देश भर के प्रमुख मुस्लिम धर्मगुरु और विद्वान शिरकत करेंगे। अपने बयानों और तकरीरों के जरिए वे लोगों को इस्लाम की असल तालीमात से रूबरू कराएंगे और समाज में शांति, इंसानियत तथा आपसी सौहार्द बनाए रखने का संदेश देंगे। गौरतलब है कि जाने-माने धर्मगुरु मुफ्ती असलम रिजवी साहब की याद में हर वर्ष यह आयोजन होता है, जहां उनकी तालीमात को याद करने के लिए हजारों-लाखों की संख्या में श्रद्धालु जुटते हैं। आयोजन समिति ने तमाम आम व खास लोगों से इस रूहानी जलसे में ज्यादा से ज्यादा तादाद में शिरकत करने की अपील की है।