बिहार

MurderMystery – पटना में ऑटो चालक की हत्या का पुलिस ने किया खुलासा

MurderMystery – पटना के गर्दनीबाग इलाके में रहने वाले ऑटो चालक चंदन कुमार की मौत के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। शुरुआती जांच में जिस घटना को ट्रेन हादसा माना जा रहा था, अब वह सुनियोजित हत्या साबित हुई है। पुलिस का कहना है कि युवक की हत्या कर उसका शव रेलवे ट्रैक के पास फेंका गया था ताकि मामला दुर्घटना जैसा लगे।

patna auto driver murder mystery case

इस मामले में पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है, जिसकी पहचान खुशबू कुमारी उर्फ खुशबू रानी के रूप में हुई है। वह मृतक के परिचित छोटू यादव की पत्नी बताई जा रही है। वहीं मुख्य आरोपी छोटू यादव अभी फरार है और पुलिस उसकी तलाश में लगातार छापेमारी कर रही है।

अवैध संबंध के शक में हत्या की आशंका

सचिवालय डीएसपी-1 डॉ. अनु कुमारी ने बताया कि शुरुआती जांच में मामला प्रेम संबंध और आपसी विवाद से जुड़ा नजर आ रहा है। पुलिस के अनुसार मृतक चंदन और आरोपी की पत्नी के बीच कथित तौर पर नजदीकियां थीं। इसी शक में हत्या की साजिश रची गई।

पुलिस का कहना है कि खुशबू कुमारी की भूमिका भी इस पूरे घटनाक्रम में सामने आई है। फिलहाल उसे गिरफ्तार कर पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक जरूरत पड़ने पर महिला को रिमांड पर लेकर भी पूछताछ की जाएगी ताकि पूरे षड्यंत्र का खुलासा हो सके।

गायब होने के बाद मिला था सिर कटा शव

जानकारी के अनुसार अनीसाबाद के धीराचक इलाके में रहने वाला चंदन कुमार बीते मंगलवार सुबह घर से निकला था, लेकिन उसके बाद वह वापस नहीं लौटा। परिवार ने कई जगह तलाश की, लेकिन उसका कोई पता नहीं चला।

गुरुवार को परिजन गर्दनीबाग थाने में गुमशुदगी दर्ज कराने पहुंचे थे। इसी दौरान एयरपोर्ट थाना क्षेत्र में रेलवे लाइन के पास एक अज्ञात युवक का सिर कटा शव मिलने की सूचना मिली। बाद में परिवार ने शव की पहचान चंदन कुमार के रूप में की।

स्थानीय लोगों ने किया था विरोध प्रदर्शन

पोस्टमार्टम के बाद शुक्रवार को परिजन और स्थानीय लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने अनीसाबाद-फुलवारी मुख्य मार्ग पर प्रदर्शन करते हुए सड़क जाम कर दी। इस दौरान आगजनी भी हुई और करीब दो घंटे तक यातायात प्रभावित रहा।

स्थानीय लोगों का आरोप था कि घटना से पहले चंदन को कौशल नगर निवासी छोटू यादव के साथ देखा गया था। इसके बाद पुलिस का शक छोटू और उसकी पत्नी की ओर गया। पहले इस मामले में यूडी केस दर्ज किया गया था, लेकिन बाद में चंदन के पिता की शिकायत पर हत्या का मामला दर्ज कर लिया गया।

दस लोगों के खिलाफ दर्ज हुआ केस

पुलिस ने मृतक के पिता के आवेदन के आधार पर छोटू यादव समेत दस लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की है। जांच एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि हत्या में और कौन-कौन लोग शामिल थे।

अधिकारियों के अनुसार आरोपी की गिरफ्तारी के बाद पूरे घटनाक्रम की परतें और साफ हो सकेंगी। फिलहाल पुलिस तकनीकी साक्ष्यों और कॉल डिटेल के आधार पर मामले की जांच आगे बढ़ा रही है।

Back to top button

Adblock Detected

Please remove AdBlocker first, and then watch everything easily.