बिहार

Weather Update – बिहार के कई जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, तापमान में आई गिरावट

Weather Update– बिहार में मानसून की सक्रियता बढ़ने से मौसम का रुख बदला हुआ है। लगातार बादलों की आवाजाही और कई इलाकों में हो रही बारिश के कारण तापमान में कमी दर्ज की गई है, जिससे लोगों को उमस और गर्मी से राहत मिली है। मौसम विज्ञान केंद्र, पटना के अनुसार मंगलवार को राज्य के अधिकांश जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं अररिया, भोजपुर, बक्सर, कटिहार, किशनगंज, सारण और सीवान में भारी वर्षा, जबकि समस्तीपुर, वैशाली और पश्चिम चंपारण में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। अगले तीन से चार दिनों तक भी कई हिस्सों में वर्षा का दौर जारी रहने के संकेत हैं।

weather update bihar rain alert

कई जिलों में तापमान घटा, राहत का एहसास

सोमवार को राजधानी पटना सहित राज्य के 11 जिलों में अधिकतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई। पटना का अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि सुपौल में 35.1 डिग्री सेल्सियस के साथ सबसे अधिक तापमान रिकॉर्ड किया गया। मौसम विभाग का कहना है कि लगातार बादल बने रहने और रुक-रुक कर होने वाली बारिश के कारण अगले कुछ दिनों तक तापमान सामान्य से नीचे रह सकता है।

मुजफ्फरपुर में दो दिन तक बारिश की संभावना

मुजफ्फरपुर जिले में अगले दो दिनों तक आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने का अनुमान है। विभाग के अनुसार जिले के पश्चिमी और दक्षिणी क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी वर्षा हो सकती है, जबकि अन्य इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है। इस दौरान पूर्वी दिशा से तेज हवाएं भी चल सकती हैं। सोमवार को जिले में 33.4 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई, जिससे वातावरण में नमी बढ़कर लगभग 90 प्रतिशत तक पहुंच गई। अधिकतम तापमान करीब 30 डिग्री और न्यूनतम 25 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

भागलपुर में देर रात हुई तेज बारिश

भागलपुर में दिनभर बादलों और धूप के बीच मौसम बदलता रहा। अधिकांश समय उमस बनी रही, लेकिन देर रात गरज और चमक के साथ तेज बारिश होने से लोगों को गर्मी से राहत मिली। बारिश के दौरान एहतियात के तौर पर कुछ समय के लिए बिजली आपूर्ति रोकी गई, जिसके बाद कई फीडरों में तकनीकी खराबी आने से शहर के कई हिस्सों में बिजली बाधित रही। सोमवार को जिले का अधिकतम तापमान 34.1 डिग्री और न्यूनतम 26.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। कृषि मौसम विशेषज्ञों के अनुसार 4 और 5 अगस्त को भी बादल छाए रहने और कुछ स्थानों पर वर्षा होने की संभावना है।

किसानों को मौसम आधारित सलाह मानने की अपील

कृषि विशेषज्ञों ने किसानों से बदलते मौसम को देखते हुए मौसम आधारित वैज्ञानिक सलाह का पालन करने की अपील की है। उनका कहना है कि जलवायु परिवर्तन के दौर में खेती से जुड़े निर्णय मौसम पूर्वानुमान के आधार पर लेने से फसलों को संभावित नुकसान से बचाया जा सकता है। आवश्यकता पड़ने पर किसान कृषि विज्ञान केंद्रों और संबंधित विशेषज्ञों से संपर्क कर उचित मार्गदर्शन प्राप्त कर सकते हैं।

पूर्णिया में बारिश से मिली राहत, कई इलाकों में जलजमाव

पूर्णिया जिले में सोमवार दोपहर हुई करीब 6 मिलीमीटर बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। कई दिनों से जारी गर्मी और उमस से लोगों को राहत मिली, वहीं धान की खेती के लिए यह बारिश लाभदायक मानी जा रही है। हालांकि शहर के कई निचले इलाकों और सड़कों पर पानी जमा होने से यातायात प्रभावित रहा। स्कूलों की छुट्टी के समय बारिश होने से विद्यार्थियों और अभिभावकों को भी असुविधा का सामना करना पड़ा। जिले का अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया

Back to top button

Adblock Detected

Please remove AdBlocker first, and then watch everything easily.