लाइफ स्टाइल

Decluttering – 90-90 नियम से आसान हो सकती है घर की सफाई

Decluttering – घर के किसी कोने में रखा पुराना रेडियो, बंद पड़ा लैंडलाइन फोन, टूटे डिब्बे या वर्षों से अलमारी में रखी फटी साड़ियां लगभग हर परिवार में देखने को मिल जाती हैं। कई लोग ऐसी चीजों को बेकार मानते हुए फेंक देना चाहते हैं, लेकिन बड़ी संख्या में लोग इन्हें संभालकर रखते हैं। इसके पीछे सिर्फ आदत नहीं, बल्कि भावनात्मक जुाव, पुरानी सोच और भविष्य की जरूरतों का डर भी जुड़ा होता है। अब घरों में बढ़ते सामान और कम होती जगह के बीच लोग आसान तरीकों से घर व्यवस्थित करने के उपाय तलाश रहे हैं। इसी बीच “90-90 रूल” काफी चर्चा में है, जिसे घर की अनावश्यक चीजों को हटाने का सरल तरीका माना जा रहा है।

decluttering 90 90 cleaning rule

पुरानी चीजें संभालकर रखने की वजह

विशेषज्ञों के मुताबिक, कई लोग पुरानी वस्तुओं को यादों से जोड़कर देखते हैं। परिवार के किसी बुजुर्ग की घड़ी, पुराना चश्मा या इस्तेमाल की गई कोई वस्तु भावनात्मक रूप से अहम बन जाती है। वहीं पुरानी पीढ़ी में चीजों को दोबारा इस्तेमाल करने की आदत भी गहराई से मौजूद रही है। पहले सामान आसानी से उपलब्ध नहीं होता था, इसलिए लोग वस्तुओं को लंबे समय तक संभालकर रखते थे। यही वजह है कि कई घरों में ऐसी चीजें सालों तक जगह घेरती रहती हैं, जिनका उपयोग लगभग बंद हो चुका होता है।

क्या है 90-90 नियम

घर को व्यवस्थित रखने के लिए बताया जाने वाला 90-90 नियम काफी आसान माना जाता है। इसमें किसी भी सामान को देखकर दो सवाल पूछे जाते हैं। पहला, क्या पिछले 90 दिनों में इसका इस्तेमाल किया गया है? दूसरा, क्या अगले 90 दिनों में इसकी जरूरत पड़ सकती है? अगर दोनों सवालों का जवाब “नहीं” है, तो उस वस्तु को हटाने की सलाह दी जाती है। वहीं किसी एक सवाल का जवाब “हां” होने पर उसे रखा जा सकता है। माना जाता है कि इससे बिना ज्यादा सोच-विचार के घर का गैरजरूरी सामान कम किया जा सकता है।

लिविंग रूम में सबसे ज्यादा जमा होता है बेकार सामान

घर का ड्रॉइंग रूम अक्सर ऐसी चीजों से भर जाता है जिन पर ध्यान नहीं जाता। पुराने अखबार, खराब रिमोट, उलझे चार्जर, टूटे फोटो फ्रेम और लंबे समय से इस्तेमाल में न आने वाले सजावटी सामान जगह घेरते रहते हैं। कई बार लोग पुराने डिलीवरी बॉक्स और एक्सपायर्ड स्प्रे या सैनिटाइजर भी संभालकर रख लेते हैं। नियमित रूप से इन चीजों की छंटनी करने से कमरा ज्यादा साफ और व्यवस्थित दिख सकता है।

रसोई में छिपा रहता है गैरजरूरी सामान

किचन में सबसे ज्यादा ऐसी वस्तुएं जमा होती हैं जिनका उपयोग लगभग बंद हो चुका होता है। बिना ढक्कन वाले डिब्बे, टूटे प्लास्टिक कंटेनर, पुराने बर्तन और एक्सपायर मसाले आमतौर पर अलमारियों में पड़े रहते हैं। कई घरों में अतिरिक्त बोतलें, पेपर बैग और बची हुई कटलरी भी लंबे समय तक संभालकर रखी जाती है। विशेषज्ञ मानते हैं कि समय-समय पर रसोई की सफाई करने से जगह बचाने के साथ स्वच्छता भी बेहतर रहती है।

बेडरूम और बाथरूम में भी जरूरी है छंटनी

अलमारी में रखे ऐसे कपड़े जिन्हें महीनों से नहीं पहना गया, पुराने हैंडबैग, सिंगल मौजे और खराब चादरें अक्सर जगह घेरती रहती हैं। इसी तरह बाथरूम में एक्सपायर क्रीम, खराब रेजर, टूटे मग और पुराने तौलिए जमा होते जाते हैं। कई लोग थोड़ी मात्रा बची हुई शैम्पू की बोतलें भी लंबे समय तक नहीं हटाते। घरेलू विशेषज्ञों का कहना है कि छोटी-छोटी चीजों की नियमित सफाई से घर हल्का और व्यवस्थित महसूस होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button

Adblock Detected

Please remove AdBlocker first, and then watch everything easily.