लाइफ स्टाइल

HairCare – बालों में तेल लगाने का सही तरीका, जानें किन गलतियों से बढ़ता है हेयरफॉल…

HairCare– भारतीय हेयर केयर रूटीन में बालों में तेल लगाना लंबे समय से एक अहम हिस्सा माना जाता है। सही तरीके से की गई ऑयलिंग स्कैल्प को पोषण देने, बालों की रूखापन कम करने और रक्त संचार बेहतर बनाने में मदद कर सकती है। हालांकि विशेषज्ञों का कहना है कि केवल तेल लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि इसे लगाने का तरीका भी उतना ही महत्वपूर्ण होता है। यदि तेल गलत तरीके से लगाया जाए तो बाल उलझ सकते हैं, जड़ें कमजोर पड़ सकती हैं और हेयरफॉल की समस्या भी बढ़ सकती है।

hair oiling right way tips

तेज रगड़कर तेल लगाने से हो सकता है नुकसान

अक्सर लोग तेल को सीधे सिर पर डालकर तेज हाथों से मालिश करने लगते हैं। यह तरीका बालों के लिए फायदेमंद नहीं माना जाता। अधिक दबाव से मालिश करने पर बाल आपस में उलझ जाते हैं और उनकी जड़ों पर अतिरिक्त खिंचाव पड़ता है। समय के साथ इससे बाल टूटने और झड़ने की समस्या बढ़ सकती है। इसलिए स्कैल्प पर हमेशा हल्के हाथों से ही मसाज करनी चाहिए।

ऐसे करें बालों में तेल की सही तरीके से मालिश

तेल लगाने से पहले उसे हल्का गुनगुना कर लें ताकि वह आसानी से स्कैल्प में समा सके। ध्यान रखें कि तेल जरूरत से ज्यादा गर्म न हो। इसके बाद बालों को कंघी से अच्छी तरह सुलझा लें। अब बालों को छोटे-छोटे हिस्सों में बांटकर रुई या उंगलियों की मदद से स्कैल्प पर समान रूप से तेल लगाएं। इससे पूरे सिर पर तेल समान मात्रा में पहुंचता है।

हल्के हाथों से करें मसाज

तेल लगाने के बाद उंगलियों के पोरों से करीब 5 से 10 मिनट तक धीरे-धीरे स्कैल्प की मसाज करें। इस दौरान नाखूनों का इस्तेमाल करने या बालों को जोर से रगड़ने से बचें। बचा हुआ तेल बालों की लंबाई और रूखे सिरों पर लगाया जा सकता है। इससे बालों की नमी बनाए रखने में मदद मिलती है।

जरूरत से ज्यादा तेल लगाने से बचें

कई लोगों को लगता है कि अधिक मात्रा में तेल लगाने से बाल तेजी से मजबूत होंगे, जबकि ऐसा जरूरी नहीं है। बहुत ज्यादा तेल लगाने पर उसे साफ करने के लिए अधिक शैंपू का इस्तेमाल करना पड़ सकता है, जिससे बाल रूखे हो सकते हैं। इसलिए उतनी ही मात्रा में तेल लगाएं, जिससे स्कैल्प और बालों के सिरे अच्छी तरह कवर हो जाएं।

कितनी देर बाद धोना चाहिए बाल

विशेषज्ञों के अनुसार, बाल धोने से लगभग 30 मिनट से एक घंटे पहले तेल लगाना पर्याप्त माना जाता है। लंबे समय तक या पूरी रात तेल लगाए रखने से हर व्यक्ति को अतिरिक्त लाभ मिले, इसका कोई स्पष्ट प्रमाण नहीं है। यदि बालों से जुड़ी समस्या लगातार बनी रहे या हेयरफॉल असामान्य रूप से बढ़ जाए, तो त्वचा एवं बाल विशेषज्ञ से सलाह लेना बेहतर विकल्प हो सकता है।

Back to top button

Adblock Detected

Please remove AdBlocker first, and then watch everything easily.