बिहार

RathYatra – पटना में भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा शुरू, श्रद्धालुओं की उमड़ी भीड़…

RathYatra- बिहार की राजधानी पटना में गुरुवार को भगवान जगन्नाथ की वार्षिक रथयात्रा श्रद्धा और उत्साह के साथ निकाली गई। बुद्ध मार्ग स्थित इस्कॉन मंदिर से शुरू हुए इस धार्मिक आयोजन का शुभारंभ मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने दीप प्रज्वलित कर किया। उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना के बाद रथ की रस्सी खींचकर यात्रा की शुरुआत की। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए और पूरे मार्ग पर धार्मिक माहौल देखने को मिला।

patna jagannath rath yatra

आरती के बाद निभाई पारंपरिक सेवा

मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने रथयात्रा प्रारंभ होने से पहले भगवान जगन्नाथ की आरती में भाग लिया। इसके बाद उन्होंने परंपरा के अनुसार रथयात्रा मार्ग पर झाड़ू लगाकर सेवा का संदेश दिया। इस्कॉन मंदिर प्रबंधन समिति के पदाधिकारियों ने उन्हें अंगवस्त्र, स्मृति चिह्न और पुष्पमाला भेंट कर सम्मानित किया। मुख्यमंत्री ने राज्य की सुख-समृद्धि और शांति की कामना करते हुए श्रद्धालुओं को रथयात्रा की शुभकामनाएं भी दीं।

दूसरे आयोजन में भी हुए शामिल

इस्कॉन मंदिर के कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री गर्दनीबाग स्थित ठाकुरबाड़ी पहुंचे, जहां बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद की ओर से आयोजित रथयात्रा समारोह में भी उन्होंने हिस्सा लिया। यहां भी उन्होंने भगवान जगन्नाथ की पूजा-अर्चना की, आरती में शामिल हुए और रथ की रस्सी खींचकर यात्रा को आगे बढ़ाया। धार्मिक कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे।

बड़ी संख्या में पहुंचे श्रद्धालु और जनप्रतिनिधि

रथयात्रा में उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, विधानसभा अध्यक्ष अवधेश नारायण सिंह, खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री अशोक चौधरी, उच्च शिक्षा मंत्री संजय सिंह, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी समेत कई जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इस्कॉन और बिहार राज्य धार्मिक न्यास परिषद के पदाधिकारियों के अलावा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भी पूरे उत्साह के साथ यात्रा में भाग लिया।

भीड़ के बीच चोरी की घटनाएं भी सामने आईं

रथयात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ का फायदा उठाकर कुछ असामाजिक तत्वों ने चोरी और छिनतई की घटनाओं को अंजाम दिया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दो दर्जन से अधिक लोगों के मोबाइल फोन चोरी हो गए, जबकि दो महिलाओं की सोने की चेन भी छीन ली गई। घटना के बाद कई पीड़ित कोतवाली थाना पहुंचे और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने प्राप्त शिकायतों के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।

यातायात व्यवस्था रही प्रभावित

रथयात्रा के कारण शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात प्रभावित रहा। बुद्ध मार्ग और आसपास के क्षेत्रों में दिनभर वाहनों की लंबी कतारें लगी रहीं, जिससे लोगों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ा। पुलिस और प्रशासन की टीम यातायात को सुचारु बनाए रखने में जुटी रही। आयोजन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा व्यवस्था भी चाक-चौबंद रखी गई थी।

Back to top button

Adblock Detected

Please remove AdBlocker first, and then watch everything easily.