उत्तर प्रदेश

Monsoon – यूपी के 46 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट, कई जगह जारी हुई ऑरेंज चेतावनी

Monsoon– उत्तर प्रदेश में मानसून ने एक बार फिर रफ्तार पकड़ ली है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, मानसूनी ट्रफ लाइन की स्थिति में बदलाव और बिहार, हरियाणा तथा राजस्थान के ऊपर बने चक्रवाती परिसंचरण के प्रभाव से प्रदेश में नमी बढ़ गई है। इसके चलते अगले दो से तीन दिनों तक कई जिलों में तेज बारिश, गरज-चमक और कुछ स्थानों पर अत्यधिक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

up monsoon rain alert 1

46 जिलों के लिए बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग ने लखनऊ, कानपुर सहित प्रदेश के 46 जिलों के लिए भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। इनमें कौशांबी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, रायबरेली, अमेठी, बांदा, चित्रकूट, कानपुर नगर, कानपुर देहात, उन्नाव, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर और हमीरपुर के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में कहीं-कहीं भारी से बहुत भारी बारिश और मेघगर्जन की संभावना व्यक्त की गई है।

कई जिलों में यलो अलर्ट भी प्रभावी

इसके अलावा लखनऊ, बाराबंकी, सोनभद्र, मिर्जापुर, देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, बस्ती, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, गोंडा, बलरामपुर, श्रावस्ती, बहराइच, लखीमपुर खीरी, हरदोई, सीतापुर, फर्रुखाबाद, कन्नौज, शामली, बागपत, मेरठ, कासगंज, एटा, मैनपुरी, इटावा, औरैया, अमरोहा, मुरादाबाद, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, संभल, बदायूं, जालौन और महोबा समेत कई जिलों में यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में गरज-चमक के साथ मध्यम से भारी बारिश हो सकती है।

पिछले 24 घंटे में कन्नौज में सबसे अधिक वर्षा

बीते 24 घंटों के दौरान कन्नौज के छिबरामऊ में सबसे अधिक 125 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। इसके अलावा बहराइच के नानपारा में 104 मिमी, अयोध्या में 94.8 मिमी, लखीमपुर खीरी के शारदानगर में 81.6 मिमी, कानपुर नगर में 75 मिमी, बाराबंकी के हैदरगढ़ में 70 मिमी और लखनऊ में 66.6 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई। पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई है।

सामान्य से कम बनी हुई है मौसमी वर्षा

मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार, 1 जून से 4 अगस्त तक प्रदेश में कुल 281.6 मिलीमीटर वर्षा रिकॉर्ड की गई है, जबकि इस अवधि में सामान्य औसत 387.7 मिलीमीटर होती है। यानी अब तक मानसून की संचयी वर्षा सामान्य से लगभग 27 प्रतिशत कम बनी हुई है। हालांकि, अगले कुछ दिनों में होने वाली बारिश से इस अंतर में कमी आने की संभावना जताई जा रही है।

6 अगस्त के लिए भी जारी चेतावनी

आईएमडी ने 6 अगस्त के लिए भी कई जिलों में मौसम संबंधी अलर्ट जारी किया है। आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा और औरैया के लिए ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। वहीं बांदा, चित्रकूट, कौशांबी, फतेहपुर, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज, उन्नाव, रायबरेली, सहारनपुर, मथुरा, हाथरस, एटा, बिजनौर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी और ललितपुर सहित कई जिलों में यलो अलर्ट प्रभावी रहेगा। मौसम विभाग ने लोगों को खराब मौसम के दौरान सतर्क रहने और स्थानीय प्रशासन की सलाह का पालन करने की अपील की है।

Back to top button

Adblock Detected

Please remove AdBlocker first, and then watch everything easily.